पैनल की निगरानी में आगे बढ़ेगी लैंड पूलिंग पॉलिसी
नई दिल्ली : 17 लाख घर और 75 लाख से अधिक लोगों के घर के सपने को पूरा करनेवाली लैंड पूलिंग पॉलिसी अब एक्सपर्ट पैनल की निगरानी में आगे बढ़ेगी। डीडीए ने इस पॉलिसी के लिए एक्सपर्ट पैनल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। एक महीने में पैनल तैयार जाएगा, जो 3 साल के लिए काम करेगा।
डीडीए के अनुसार, इस पैनल में प्लानिंग, टाउन प्लानिंग, इंजीनियरिंग आदि के एक्सपर्ट को शामिल किया जा रहा है। यही पैनल लैंड पूलिंग पॉलिसी की विस्तृत रूपरेखा तैयार करेगा। सबसे पहले जोनल प्लान तैयार किए जाएंगे। जोनल प्लान में पहले से सब कुछ मार्क किया जाएगा। जैसे- कहां और कितनी जमीन पर किस तरह से रेजिडेंशल फ्लैट तैयार किए जाएंगे। कहां कितने फ्लैट होंगे। कहां सामुदायिक भवन, पार्क, पार्किंग, सीवरेज और पेयजल की लाइनें होंगी। इसी के अनुरूप इस नीति पर काम शुरू किया जा सकेगा।
पॉलिसी के लिए डीडीए का सिंगल विंडो पोर्टल भी एक हफ्ते में शुरू हो जाएगा। इस पोर्टल में इच्छुक लोग अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। पहले चरण में इस पोर्टल पर पंजीकरण ही होंगे। पंजीकरण के साथ ही इस नीति का हिस्सा बननेवाले लोगों को अपनी जमीन का नक्शा, लोकेशन और साइज वगैरह भी डालना होगा। डीडीए भी पोर्टल पर जल्द यह जानकारी डालेगा कि किसकी जमीन किस खसरे में पड़ रही है। बाद में इसी पोर्टल के जरिए इच्छुक लोगों को आपस में जोड़ने का काम किया जाएगा। हालांकि इस सारी प्रक्रिया में अभी लंबा समय लगने की संभावना है। अधिकारियों की मानें तो लैंड पूलिंग नीति का काम दिखाई देने में अभी 3 साल का समय लग सकता है। डीडीए के वाईस चैयरमेन तरुण कपूर के अनुसार, लैंड पूलिंग पॉलिसी के लिए डीडीए लगातार काम कर रही है। सिंगल विंडो पोर्टल लगभग तैयार हो चुका है। अगले हफ्ते इसे शुरू कर दिया जाएगा।
courtesy : – epaper.navbharattimes.com